रणबीर-यश की ‘रामायण’ का इंग्लिश कट क्यों होगा 30 मिनट छोटा? सामने आई वजह
रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी स्टारर ‘रामायण: पार्ट 1’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म के ट्रेलर और ‘जय जय राम’ गाने ने पहले ही लोगों का ध्यान खींच लिया है। अब फिल्म के इंटरनेशनल रिलीज को लेकर सामने आई एक नई जानकारी ने इसकी चर्चा और बढ़ा दी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘रामायण: पार्ट 1’ का इंटरनेशनल इंग्लिश वर्जन हिंदी वर्जन की तुलना में करीब 30 मिनट छोटा होगा। इतना ही नहीं, विदेशी दर्शकों के लिए तैयार किए जा रहे इस कट में फिल्म के गाने भी शामिल नहीं होंगे। इसके अलावा कुछ सीन्स को भी छोटा किया जाएगा।
Variety India की रिपोर्ट के अनुसार, मेकर्स ने फिल्म के अलग-अलग वर्जन तैयार करते समय इंटरनेशनल ऑडियंस की पसंद और देखने के तरीके को ध्यान में रखा है। एक सूत्र के हवाले से बताया गया है कि भारतीय दर्शक लंबी फिल्मों और उनके बीच आने वाले गानों के साथ सहज हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के लिए तीन घंटे या उससे ज्यादा की फिल्म एक अलग अनुभव हो सकती है। इसी वजह से विदेशी दर्शकों के लिए फिल्म को थोड़ा संक्षिप्त रूप दिया गया है।
वहीं, फिल्म के इंग्लिश ट्रेलर ने भी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोरी है। कई दर्शकों ने इसकी तारीफ करते हुए इसे हिंदी ट्रेलर से भी बेहतर बताया। हालांकि, सबसे ज्यादा ध्यान फिल्म के इंग्लिश ट्रेलर में दिखाई दे रही परफेक्ट लिप-सिंक ने खींचा।
दरअसल, ‘रामायण’ की शूटिंग हिंदी भाषा में हुई है, लेकिन इंग्लिश ट्रेलर में रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी के होंठ उनके अंग्रेजी डायलॉग्स के साथ बेहद सटीक तरीके से मेल खाते नजर आ रहे हैं। इसे देखकर लोगों के मन में सवाल उठा कि आखिर बिना अंग्रेजी में शूटिंग किए यह लिप-सिंक इतनी सटीक कैसे नजर आ रही है।
रिपोर्ट्स की मानें तो इसके पीछे एआई तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। बताया जा रहा है कि मेकर्स ने अलग-अलग भाषाओं में कलाकारों की लिप मूवमेंट को डब किए गए डायलॉग्स के साथ मैच करने के लिए एआई का सहारा लिया है। यही तकनीक फिल्म के अलग-अलग क्षेत्रीय वर्जन के प्रोमो में भी इस्तेमाल किए जाने की बात कही जा रही है।
अगर फिल्म के पूरे इंटरनेशनल वर्जन में भी इसी तरह की तकनीक देखने को मिलती है, तो ‘रामायण’ भारतीय सिनेमा को वैश्विक दर्शकों के सामने पेश करने के मामले में एक अलग तरह का अनुभव दे सकती है।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ दो हिस्सों में रिलीज होगी। फिल्म के पहले पार्ट में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म को इस साल दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी है, हालांकि सटीक रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान अभी बाकी है।
वहीं, ‘रामायण: पार्ट 2’ के अगले साल दिवाली के आसपास रिलीज होने की चर्चा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले पार्ट का अंत हनुमान जी की एंट्री के साथ भी हो सकता है, जिनका किरदार सनी देओल निभा रहे हैं।
अब ‘रामायण: पार्ट 1’ को लेकर सबसे ज्यादा उत्सुकता इस बात की है कि भारतीय दर्शकों के लिए तैयार किया गया लंबा हिंदी कट और अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के लिए बनाया गया छोटा इंग्लिश वर्जन बड़े पर्दे पर किस तरह का अनुभव देते हैं।